May 14, 2026

रायपुर | वाटर स्पोर्ट्स सुरक्षा पर सख्ती, सीएम विष्णुदेव साय ने सभी जिलों में ऑडिट के निर्देश दिए

रायपुर। मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए क्रूज हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार भी सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में संचालित सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी जिलों में सुरक्षा ऑडिट के निर्देश
सीएम साय ने धमतरी, कोरबा सहित सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि जहां भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और निर्धारित SOP का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ की अनिवार्यता
निर्देशों में कहा गया है कि सभी उपकरणों का नियमित तकनीकी परीक्षण हो, प्रशिक्षित और दक्ष स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी रेस्क्यू व्यवस्था सक्रिय रखी जाए। लाइफ जैकेट, रेस्क्यू किट और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता भी अनिवार्य की गई है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी कलेक्टरों को नियमित निगरानी और रिपोर्ट राज्य शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने साफ किया है कि वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां केवल तभी संचालित हों जब वे पूरी तरह सुरक्षित और मानक अनुरूप हों, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।