रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (CSPDCL) द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी फीडरों के संधारण कार्य के चलते 11 जून 2026 को शहर के कई हिस्सों में जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जानकारी के अनुसार, उपकेंद्र में 33 केवी लाइन के 10 पोल स्ट्रक्चर के बीच भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबल जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस कारण 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
इस कार्य के चलते शहर के कुल 42 जलागारों में शाम की जलापूर्ति नहीं होगी। प्रभावित क्षेत्रों में डंगनिया, गुढ़ियारी, तेलीबांधा, शंकर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई, भनपुरी, टाटीबंध, भाठागांव, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, मोवा, सड्डू, रामनगर, कचना, देवपुरी, अवंति विहार सहित कई इलाके शामिल हैं।
विभाग के अनुसार 11 जून को सुबह जलापूर्ति सामान्य रूप से होगी, लेकिन शाम को पानी नहीं मिलेगा। वहीं 12 जून की सुबह से आपूर्ति फिर से सामान्य कर दी जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का भंडारण कर लें ताकि असुविधा न हो।
फिलहाल अन्य जलागारों और पावर पंपों से शहर के कुछ हिस्सों में जल आपूर्ति जारी रहेगी।





