May 15, 2026

विंग कमांडर सुसाइड केस: पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज, प्रताड़ना के आरोप

रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर विपुल यादव की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगे हैं, जिसके चलते आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10-11 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है, जब 39 वर्षीय विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।

जांच में सामने आया है कि उनकी पत्नी बेंगलुरु में नौकरी करती है और घटना से दो दिन पहले दिल्ली चली गई थी। उनके दो बच्चे रायपुर स्थित घर में पिता के साथ ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

विंग कमांडर विपुल यादव एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए छत्तीसगढ़ में पदस्थ थे। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने अपने बेडरूम में पंखे से फांसी लगाई थी, जबकि उस समय बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह नौकरानी ने घटना देख पुलिस को सूचना दी थी।

जानकारी के अनुसार, दोनों की 2014 में लव मैरिज हुई थी। पत्नी पूर्व में एयरफोर्स में कार्यरत थीं और वर्तमान में आईटी सेक्टर में काम करती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।