May 18, 2026

रायपुर में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने की खुदकुशी, विधायक विश्राम गृह के बंगले में फांसी लगाकर दी जान

रायपुर: Raipur के विधायक विश्राम गृह के बंगला नंबर 79 में रह रहे एयरफोर्स के विंग कमांडर ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी 39 वर्षीय Vipul Yadav के रूप में हुई है। घटना Telibandha थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी है।

बेडरूम में पंखे से लटकता मिला शव

पुलिस के मुताबिक विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने बेडरूम में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह घर की नौकरानी ने सबसे पहले उन्हें लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। उस समय उनके दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे।

कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट

Ramakant Sahu (एसीपी, सिविल लाइन) ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पत्नी दिल्ली में, दो बच्चे रायपुर में

जानकारी के मुताबिक विपुल यादव की पत्नी आईटी सेक्टर में काम करती हैं और फिलहाल दिल्ली गई हुई हैं। दोनों की 2014 में लव मैरिज हुई थी। पत्नी पहले एयरफोर्स में कार्यरत थीं, लेकिन बाद में उन्होंने आईटी सेक्टर में नौकरी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

एंटी नक्सल ऑपरेशन में थे तैनात

पुलिस के अनुसार विंग कमांडर विपुल यादव छत्तीसगढ़ में एंटी-नक्सल ऑपरेशन से जुड़े कार्यों के लिए तैनात थे। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।