रायपुर। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने को लेकर भाजपा ने सोमवार को राजधानी रायपुर में जनआक्रोश रैली निकाली। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विपक्ष के रुख के खिलाफ विधानसभा में एक दिन का विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जिसमें निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
भाजपा महिला मोर्चा की यह जनआक्रोश यात्रा बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान से लेकर देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
सीएम साय ने आरोप लगाया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के प्रस्ताव को विपक्ष ने पारित नहीं होने दिया, जिससे देश की करोड़ों महिलाओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा पूरी तरह महिलाओं के साथ खड़ी है और उनका आक्रोश स्वाभाविक है।
रैली में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े, लक्ष्मी वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।





