रायपुर। राजधानी रायपुर में युवा कांग्रेस ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। राजातालाब स्थित नूरानी चौक में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने हिस्सा लिया और हस्ताक्षर कर समर्थन जताया।
युवा कांग्रेस रायपुर उत्तर विधानसभा अध्यक्ष नवाज़ खान ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और करुणा का प्रतीक है। करोड़ों लोगों की भावनाएं गाय से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम होगा। इससे गौवंश संरक्षण और संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।
नवाज़ खान ने कहा कि मुस्लिम समाज की ओर से भी इस मांग का समर्थन किया जा रहा है। उनका कहना था कि उद्देश्य केवल कानून बनाना नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता के जरिए स्थायी समाधान निकालना है।
अभियान में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग की। हस्ताक्षर अभियान के जरिए जुटाए गए समर्थन को जल्द ही केंद्र सरकार तक पहुंचाने की बात कही गई।





