रायपुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की हड़ताल फिलहाल समाप्त होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और राजस्व विभाग की सचिव शमी आबिदी के साथ हुई चर्चा के बावजूद कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई।
कनिष्ठ प्रशासनिक संघ ने साफ कर दिया है कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
राजस्व मंत्री के सरकारी निवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में दोनों पक्षों के बीच समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। बैठक के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक संघ के प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरे ने कहा कि सरकार से चर्चा हुई है, लेकिन उनकी प्रमुख मांग पूरी नहीं हुई है, इसलिए आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक से कथित मारपीट के आरोप लगे थे। इसके बाद से राजस्व अधिकारी आक्रोशित हैं और पहले सामूहिक अवकाश, फिर कलमबंद हड़ताल और अब अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन कर रहे हैं।
सरकार की ओर से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन अधिकारी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। इस आंदोलन का असर प्रदेश के राजस्व कार्यों पर पड़ रहा है, जिससे नामांतरण, सीमांकन, प्रमाण पत्र जारी करने जैसे कई काम प्रभावित हो गए हैं।
अब सभी की नजरें आगे होने वाली बातचीत और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।





