May 18, 2026

आशीर्वाद समारोह में बड़ी चोरी: मंच से नगदी और जेवरों से भरा थैला पार, 6 लाख तक नुकसान का अंदेशा

देर रात समारोह में हुई वारदात
राजिम। फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम सेंदर में आयोजित आशीर्वाद समारोह के दौरान देर रात 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मंच से नगदी और जेवरों से भरा थैला पार कर दिया।

हजारों लोगों की मौजूदगी में चोरी
कार्यक्रम में करीब 4 से 5 हजार लोग शामिल हुए थे। नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए मेहमान मंच पर आकर नगद और उपहार दे रहे थे, जिन्हें दो थैलों में रखा गया था।

फोटो सेशन के दौरान चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
करीब 1:30 बजे वर-वधु फोटो सेशन के लिए मंच से दूर सेल्फी जोन में गए। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर एक थैला पार कर दिया, जबकि दूसरा थैला वहीं रह गया।

मौके पर मिले फटे लिफाफे, बढ़ा शक
घटना के बाद खोजबीन में मंच के पीछे ट्रैक्टर के पास कुछ फटे हुए लिफाफे मिले, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने वहीं पर रकम और जेवर खंगाले।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला अधिकारी संकल्प साहू ने टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया।

6 लाख तक नुकसान का अनुमान
पीड़ित पूर्व सरपंच रामाधार साहू के अनुसार, चोरी हुए थैले में करीब 4 लाख रुपए नगद और 1.5 से 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर होने का अनुमान है।

जल्द गिरफ्तारी की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं राजिम विधायक रोहित साहू ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है।