राजिम, 10 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ की साय सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को राजिम के नवीन मेला मैदान में 283 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन के मुख्य अतिथि प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने की।
श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बेटी की शादी हर परिवार के लिए चिंता का विषय बन गई है, लेकिन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने इसे सुलझा दिया है। योजना के तहत प्रति जोड़े 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 35 हजार रुपये वधु के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए जाते हैं और शेष 15 हजार रुपये श्रृंगार, व्यवस्था और अन्य खर्चों पर खर्च होते हैं।
इस समारोह में राजिम विधानसभा क्षेत्र के 94, बिन्द्रनवागढ़ के 181 और कुरूद के 8 जोड़े शामिल हुए। आयोजन की सबसे प्रेरणादायक घटना 4 आत्मसमर्पित नक्सली जोड़ों का विवाह रही, जिन्होंने मुख्यधारा में लौटकर नए जीवन की शुरुआत की। इनमें कांकेर, सुकमा और बीजापुर जिले के दिलीप उर्फ संतु, मंजुला उर्फ लखमी, दीपक उर्फ भीमा मंडावी, सुनीता उर्फ जुनकी, कैलाश उर्फ भीमा, रनीता उर्फ पायकी कारम तथा राजेंद्र उर्फ कोसा मुरिया, जैनी उर्फ देवे मड़कम शामिल थे।
कलेक्टर श्री बीएस उइके ने बताया कि यह आयोजन पूरे प्रदेश में एक साथ हो रहा है और विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज होगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री संतोष उपध्याय, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष श्री महेश यादव, विभिन्न जनपद पंचायत अध्यक्षगण और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
राज्य सरकार की यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि सामाजिक समरसता और मुख्यधारा में एकता को भी मजबूत कर रही है।





