राजिम: गरियाबंद जिले के बोरिद गांव के पास स्थित तिरुपति सम्पत्ति राइस मिल में शुक्रवार को भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि धान से भरी बोरियां और खाली बारदाने आग की चपेट में आ गए।

दमकल और फिंगेश्वर पुलिस की टीम करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफल रही। शुरुआती अनुमान के अनुसार आग में लगभग 10 लाख रुपये का धान नष्ट हुआ है।
प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है। आग पर समय रहते काबू पाने से आसपास के हिस्सों को सुरक्षित बचाया जा सका। घटना से राइस मिल प्रबंधन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।





