July 23, 2026

डोंगरगढ़ से लौट रहे परिवार की पिकअप को ट्रेलर ने मारी टक्कर, युवक की मौत; 8 घायल

राजनांदगांव। राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानपुरी नदी के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खराब होकर खड़ी पिकअप वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ में दर्शन कर पिकअप वाहन से वापस लौट रहा था। इसी दौरान लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के पास वाहन अचानक खराब हो गया। पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत कर रहे थे, तभी नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के पास खड़े लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने हादसे के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।