राजनांदगांव। पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फुलबासन यादव के अपहरण प्रयास के बाद प्रदेश में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में विधायक देवेंद्र यादव ने राजनांदगांव पहुंचकर फुलबासन बाई यादव से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
मुलाकात के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपहरण, बलात्कार, चाकूबाजी और हत्या जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है। उनके मुताबिक, सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
लोगों में असुरक्षा की भावना
विधायक ने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।
समाज के लोगों ने भी की मुलाकात
इस दौरान यादव समाज के लोगों ने भी फुलबासन यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें धैर्य रखने की सलाह दी। साथ ही सभी ने सरकार से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
CM ने भी लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए फुलबासन यादव से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मामले की गहन जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। साथ ही पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
कैसे हुआ था अपहरण का प्रयास
मंगलवार को दो महिलाएं कार से फुलबासन यादव के घर पहुंचीं और बहाने से उन्हें अपने साथ ले गईं। आरोपियों ने उनका मुंह बांधकर नेशनल हाईवे की ओर भागने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने कार रोकी तो फुलबासन यादव ने इशारों में अपनी स्थिति बताई, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया गया।
चार आरोपी हिरासत में
प्रारंभिक जांच में खुशबू साहू समेत कुल चार आरोपी—दो महिलाएं और दो पुरुष—को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और अपहरण के पीछे की वजह जानने में जुटी है।





