March 5, 2026

राजनांदगांव में धर्मांतरण के आरोप को लेकर हंगामा, प्रार्थना सभा का हिंदू संगठनों ने किया विरोध

राजनांदगांव। शहर के मोतीपुर वार्ड नंबर 2, बड़ा तालाब रोड स्थित एक मकान में रविवार को आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब हिंदू संगठनों ने सभा का विरोध किया। विरोध के चलते मौके पर जमकर हंगामा हुआ और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि उक्त मकान में धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं और भोले-भाले लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। संगठनों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, मकान मालिक का कहना है कि भारत संविधान से चलने वाला धर्मनिरपेक्ष देश है, जहां हर व्यक्ति को अपने मौलिक अधिकारों के तहत धर्म की स्वतंत्रता प्राप्त है। उनके अनुसार घर में केवल प्रार्थना सभा हो रही थी और इसका विरोध करना अनुचित है।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर एएसपी कीर्तन राठौर, सीएसपी वैशाली जैन, कोतवाली टीआई नंदकिशोर गौतम, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू, चिखली चौकी प्रभारी कैलाश मरई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को करीब तीन घंटे तक समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत कराया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम है।