July 23, 2026

76 करोड़ की फर्जी बिलिंग का खुलासा, 8.22 करोड़ की संदिग्ध ITC; कारोबारी आदेश्वर चौरड़िया गिरफ्तार

रायपुर। राज्य कर विभाग (स्टेट जीएसटी) छत्तीसगढ़ ने कर चोरी और फर्जी बिलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव स्थित मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है। विभागीय जांच में करीब 76 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन और 8.22 करोड़ रुपये की संदिग्ध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का मामला सामने आया है।

जांच में पाया गया कि फर्म ने लगभग छह माह के दौरान 76 करोड़ रुपये का कारोबार केवल कागजों में दर्शाया। जीएसटी रिटर्न, वित्तीय अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों के विश्लेषण में 8.22 करोड़ रुपये की आईटीसी संदिग्ध पाई गई, जिसके जरिए शासन को राजस्व हानि पहुंचाने का प्रयास किया गया।

पश्चिम बंगाल की फर्मों से फर्जी खरीदी के आरोप

विभाग के अनुसार, फर्म ने पश्चिम बंगाल की संदिग्ध कंपनियों से आयरन एवं स्टील की वास्तविक खरीदी किए बिना करोड़ों रुपये के खरीद बिल प्राप्त किए। इन बिलों के आधार पर फर्जी आईटीसी का लाभ लिया गया और आगे अन्य करदाताओं को भी इसका फायदा पहुंचाया गया।

जांच के दौरान अधिकांश आपूर्तिकर्ता फर्मों के जीएसटी पंजीयन निरस्त पाए गए। साथ ही उनके वास्तविक व्यापार संचालन के कोई ठोस और विश्वसनीय प्रमाण भी नहीं मिले। विभाग का मानना है कि पूरा लेन-देन पेपर ट्रेडिंग और बोगस आईटीसी नेटवर्क का हिस्सा था।

केवल बिलों के जरिए लिया गया कर लाभ

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिन फर्मों से खरीदी दिखाई गई थी, उनमें से कई का उद्देश्य केवल फर्जी बिल जारी करना और अवैध आईटीसी उपलब्ध कराना था। उपलब्ध तथ्यों से यह संकेत मिले हैं कि माल का वास्तविक परिवहन या आवागमन नहीं हुआ, बल्कि केवल कागजी दस्तावेजों के जरिए कर लाभ प्राप्त किया गया।

कई अन्य फर्में और लोग जांच के दायरे में

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद राज्य कर विभाग ने आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में कई अन्य व्यक्तियों और फर्मों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

विभाग बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और संबंधित व्यापारिक इकाइयों की भूमिका की गहन जांच कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की जांच में फर्जी बिलिंग और बोगस आईटीसी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

फर्जी बिलिंग पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि ईमानदार करदाताओं के हितों की रक्षा और कर चोरी, फर्जी बिलिंग तथा बोगस आईटीसी जैसे अवैध कृत्यों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।