राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़ हुआ है। ‘लव लाइफ रिश्ते’ मैरिज ब्यूरो का संचालन कर आरोपी युवतियों की फर्जी फोटो डाउनलोड कर उनकी आईडी बनाते थे। इन प्रोफाइल को युवकों को भेजकर मीटिंग फिक्स करने और शादी कराने का झांसा देकर मोटी रकम वसूली जाती थी।
इस मामले की शुरुआत एक गुमनाम शिकायत से हुई, जिसे एसपी अंकिता शर्मा ने गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों के मोबाइल से 2286 युवतियों की फोटो बरामद की, जिन्हें सोशल मीडिया और इंटरनेट से डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाई गई थी।
बसंतपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मैरिज ब्यूरो की संचालिका नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी व्हाट्सएप के जरिए फर्जी प्रोफाइल भेजकर रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक की ठगी करते थे। पिछले एक साल में इनके बैंक खातों में 37 लाख 69 हजार रुपये के लेन-देन का पता चला है।
एसपी के निर्देश पर एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन की टीम ने मामले की जांच की। इसके बाद थाना प्रभारी एमन साहू और उनकी टीम ने छापा मारकर 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 9 रजिस्टर जब्त किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील:
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या व्हाट्सएप के माध्यम से मिलने वाले विवाह प्रस्तावों पर बिना सत्यापन के पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस को दें।





