July 23, 2026

CG GST Action: 76 करोड़ की फर्जी बिलिंग का खुलासा, राजनांदगांव के कारोबारी को स्टेट जीएसटी ने किया गिरफ्तार

राजनांदगांव। राज्य कर विभाग (स्टेट जीएसटी) ने कर चोरी और फर्जी बिलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है। विभागीय जांच में करोड़ों रुपये के फर्जी लेन-देन और बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का मामला सामने आया है।

जांच के दौरान पता चला कि फर्म ने पिछले करीब छह माह में 76 करोड़ रुपये का लेन-देन केवल कागजों में दर्शाया। जीएसटी रिटर्न और अन्य दस्तावेजों के विश्लेषण में 8.22 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) संदिग्ध पाई गई, जिससे शासन को राजस्व हानि पहुंचाने का प्रयास किया गया।

पश्चिम बंगाल की फर्जी फर्मों से खरीदे गए बिल

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फर्म ने पश्चिम बंगाल की संदिग्ध फर्मों से आयरन एवं स्टील की वास्तविक खरीदी किए बिना करोड़ों रुपये के फर्जी खरीद बिल प्राप्त किए। इन बिलों के आधार पर फर्जी आईटीसी का लाभ लिया गया और अन्य करदाताओं को भी इसका लाभ हस्तांतरित किया गया।

जांच में अधिकांश आपूर्तिकर्ता फर्मों का जीएसटी पंजीयन निरस्त पाया गया तथा उनके वास्तविक व्यापार के कोई विश्वसनीय साक्ष्य नहीं मिले।

पेपर ट्रेडिंग और बोगस आईटीसी नेटवर्क का खुलासा

राज्य कर विभाग के अनुसार, पूरा मामला पेपर ट्रेडिंग (कागजी बिलिंग) और बोगस आईटीसी नेटवर्क का हिस्सा प्रतीत होता है। जांच में संकेत मिले हैं कि जिन फर्मों से खरीदी दर्शाई गई, उनमें से कई केवल फर्जी बिल जारी करने और अवैध आईटीसी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही थीं। माल का वास्तविक परिवहन नहीं हुआ और केवल बिलों के जरिए कर लाभ प्राप्त किया गया।

जांच जारी, कई और लोगों पर शिकंजा संभव

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विभाग ने आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। विभाग बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और संबंधित व्यापारिक इकाइयों की गहन जांच कर रहा है। प्रारंभिक जांच में इस फर्जी बिलिंग नेटवर्क से कई अन्य व्यक्तियों और फर्मों के जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं।