राजनांदगांव। जिले में अवैध खनिज तस्करी के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोंगरगांव क्षेत्र के कई गांवों में दबिश दी। इस दौरान रेत, गिट्टी और चूना पत्थर के अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा गया।
खनिज अमले ने 17 मार्च को खुज्जी, मारगांव, गिरगांय, अर्जुनी, बीजाभाठा, मटिया, बगदई, बघमार, साल्हे, लक्ष्मणभरदा, गनेरी-मनेरी, नादिया, रायतापाली और सुरगी क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान चूना पत्थर, रेत और ईंट से भरे कई वाहन पकड़े गए, जिन्हें आरक्षी केन्द्र डोंगरगांव में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर लगातार सख्ती जारी रहेगी।
राजनांदगांव। नवरात्र पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों में बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस, बीकानेर एक्सप्रेस, चेन्नई एक्सप्रेस, पुणे एक्सप्रेस और सिकंदराबाद एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
निर्धारित तिथियों में इन ट्रेनों का ठहराव होने से मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
राजनांदगांव। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शहर में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जांच के दौरान घी, सोयाबीन तेल, मसाले और अन्य उत्पाद एक्सपायरी पाए गए।
गांधी चौक स्थित एक दुकान से दर्जनभर से अधिक उत्पाद निर्धारित तिथि के बाद भी बेचे जा रहे थे। इनमें पतंजलि गाय का घी, सोयाबीन तेल, रेड लेबल चाय, सूजी रस्क, रसना कैंडी और अन्य ब्रांडेड खाद्य सामग्री शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि यह खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम का उल्लंघन है। सभी एक्सपायरी उत्पादों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





