डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के सनसिटी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में दो पत्रकार घायल हो गए। तेज रफ्तार ब्रेजा कार और बाइक की टक्कर में एक पत्रकार के पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, एक कार्यक्रम की कवरेज के बाद पत्रकार योगेश साहू और सौरभ बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सनसिटी के पास सफेद रंग की ब्रेजा कार (क्रमांक CG 04 NE 1199) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पत्रकार सौरभ के पैर में गंभीर चोट आई।
कुचलने की कोशिश का आरोप
घायल पत्रकारों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद जब उन्होंने कार चालक का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड करने का प्रयास किया, तब चालक ने कथित रूप से कार से उन्हें कई बार कुचलने की कोशिश की।
घटना का VIDEO सामने आया
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से एक पत्रकार की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है, जबकि पत्रकार अपनी जान बचाने के लिए दौड़ता नजर आता है।
हालांकि, वीडियो की सत्यता और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पत्रकारों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





