राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से संबद्ध जूनियर डॉक्टरों की करीब पखवाड़े भर से चल रही हड़ताल खत्म हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात के बाद स्टाइपेंड में बढ़ोतरी को लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के आज से सामान्य होने की उम्मीद है।
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर चल रही थी हड़ताल
जूनियर डॉक्टर लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। हड़ताल के चलते मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका असर देखने को मिल रहा था। दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
सीनियर डॉक्टरों पर बढ़ा था काम का दबाव
जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने के बाद अस्पताल में सीनियर चिकित्सकों पर काम का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया था। ओपीडी समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।
स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
अस्पताल से मिल रहे फीडबैक को देखते हुए बीती रात स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जूनियर डॉक्टरों के साथ बैठक की। बैठक में स्टाइपेंड बढ़ाने के मुद्दे पर विचार कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया। मंत्री के आश्वासन के बाद जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी।
अब जूनियर डॉक्टरों के काम पर लौटने से मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आने और मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।





