राजनांदगांव। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनगट्टा में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर करीब 150 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
बिना अनुमति चल रही थी प्लाटिंग
प्रशासन को सूचना मिली थी कि ग्राम मनगट्टा में बिना वैधानिक अनुमति और स्वीकृति के बड़े स्तर पर प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें अनियमितताएं सामने आईं।

बुलडोजर से हटाए गए अवैध निर्माण
निरीक्षण के बाद प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनाए गए मार्ग, प्रवेश द्वार और अन्य निर्माण कार्यों को हटाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट की खरीदी से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, अनुमति और दस्तावेजों की पूरी जांच जरूर करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और राजस्व नियमों के उल्लंघन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले समय में भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





