राजनांदगांव। जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज 16 मार्च से शुरू हो गया है। वहीं डोंगरगांव में महिला स्व सहायता समूह से करीब 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रही महिला अध्यक्ष को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
10वीं-12वीं बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन आज से
राजनांदगांव में बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए शहर के स्टेट हायर सेकंडरी स्कूल को एकमात्र मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहां करीब 450 शिक्षक मिलकर लगभग डेढ़ लाख कॉपियों की जांच करेंगे।
शिक्षा विभाग के अनुसार मूल्यांकन कार्य दो लॉट में किया जाएगा। पहले लॉट में शुरुआती तीन पेपर की कॉपियां भेजी जा चुकी हैं, जबकि बाकी कॉपियां बाद में भेजी जाएंगी। मूल्यांकन कार्य को लगभग 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फिश एक्वेरियम पर खर्च हुए 30 लाख, अब तक नहीं हुआ शुरू
राजनांदगांव के पुष्प वाटिका चौपाटी में डीएमएफ फंड से करीब 30 लाख रुपए की लागत से फिश एक्वेरियम का निर्माण कराया गया था, लेकिन दो साल बाद भी यह शुरू नहीं हो पाया है। संचालन के लिए तीन बार निविदा निकाली गई, लेकिन किसी ने भी रुचि नहीं दिखाई। रखरखाव के अभाव में भवन और गार्डन की स्थिति खराब होने लगी है।
जनगणना 2027 का पहला चरण 1 मई से
आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से की जाएगी। इस चरण में मकानों की जनगणना की जाएगी। इसके लिए सुपरवाइजर और संगणक की ड्यूटी तय कर दी गई है।
महिला समूह से 9 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
डोंगरगांव क्षेत्र में प्रज्ञा महिला स्व सहायता समूह से करीब 8.85 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में समूह की अध्यक्ष गणेशिया बाई को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला दो वर्षों से फरार थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर एचपीवी वैक्सीनेशन शुरू
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर राजनांदगांव जिले में 16 मार्च से एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिले में 32 स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीकाकरण किया जाएगा। लगभग 10,500 किशोरियों को इसका लाभ मिलने का अनुमान है।





