रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। उरला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी सवार एक युवक पर कुछ बदमाशों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रास्ते में रोककर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक को रास्ते में रोक लिया और उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वायरल वीडियो में हमलावर युवक के शरीर पर लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हमले के दौरान धारदार हथियार युवक की कमर में फंसता हुआ भी नजर आता है।
घायल युवक खुद पहुंचा अस्पताल
हमले में घायल युवक किसी तरह मौके से निकलकर स्वयं इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। उसकी वर्तमान स्थिति की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि घटना को लेकर अभी तक थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उरला थाना पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





