May 18, 2026

Rajnandgaon News Update : जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, साइबर ठगी के 85 लाख वापस

Rajnandgaon News Update : राजनांदगांव जिले में प्रशासनिक तैयारियों, पुलिस कार्रवाई और साइबर अपराध से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं। जहां जनगणना 2027 की तैयारी के तहत मकानों की नंबरिंग शुरू कर दी गई है, वहीं नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके अलावा ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीड़ित को 85 लाख रुपये वापस दिलाए हैं।

जनगणना 2027 की तैयारी, मकानों की नंबरिंग शुरू

राजनांदगांव जिले में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वर्ष 2011 के बाद अब नई जनगणना का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत 1 मई 2026 से मकानों की जनगणना शुरू की जाएगी। इसके लिए सुपरवाइजर और संगणकों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है। फिलहाल मकानों की नंबरिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसके बाद जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

संभागायुक्त एस.एन. राठौर ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों से इसे पूरी जिम्मेदारी और शुद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

चिखली पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भावेश कुमार समरित उर्फ कुक्कू (19 वर्ष) निवासी बजरंगपुर नवागांव के रूप में हुई है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 65(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पीडीएस दुकान में गड़बड़ी, 24 कट्टा चावल जब्त

खाद्य विभाग की टीम ने छुरिया विकासखंड के ग्राम पाण्डेटोला में शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की। जांच के दौरान पता चला कि दुकान के विक्रेता द्वारा फरवरी 2026 का 28 कट्टा चावल अवैध रूप से एक ग्रामीण के घर में छिपाकर रखा गया था।
जांच के दौरान 24 कट्टा यानी करीब 11.70 क्विंटल चावल जब्त किया गया। मामले में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

साइबर ठगी के 85 लाख रुपये वापस

डोंगरगांव क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर हुई बड़ी साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पीड़ित विपिन कुमार गोस्वामी से “पॉलीस फाइनेंस लिमिटेड” नामक प्लेटफॉर्म के माध्यम से करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक ट्रांजेक्शन के विश्लेषण के बाद 397 बैंक खातों को होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय के आदेश से 1 करोड़ 3 लाख रुपये में से 85 लाख रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में साइबर अपराध के मामलों में बड़ी सफलता माना जा रहा है।