March 5, 2026

कस्टम मिलिंग के लिए 75 लाख क्विंटल का अनुबंध, टंकी सफाई से जलापूर्ति बाधित, 35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

धान उठाव में आई तेजी, टंकी सफाई से जलापूर्ति बाधित, आबकारी की बड़ी कार्रवाई

राजनांदगांव।
धान की रिसाइकलिंग रोकने के लिए जारी डीओ कमांड के बाद अब जिले में धान उठाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रशासन ने कस्टम मिलिंग के लिए 75 लाख क्विंटल का एग्रीमेंट मिलरों से किया है। जिले के 96 उपार्जन केंद्रों से अब तक 21 लाख क्विंटल धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया, जिसमें 16 लाख क्विंटल धान का उठाव हो चुका है। राज्य शासन की नीति के अनुसार मार्च से पहले धान उठाव पूरा करना अनिवार्य है।

इस वर्ष जिले में 1 लाख 48 हजार 351 किसानों से 62 लाख 49 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है। प्रशासन ने रिसाइकलिंग की आशंका को देखते हुए खरीदी के दौरान उठाव धीमा रखा था, लेकिन अब कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इससे संग्रहण केंद्रों पर होने वाला अतिरिक्त परिवहन खर्च भी बचेगा।


सीएफएल और सम्पवेल सफाई से कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित

राजनांदगांव।
ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए नगर पालिक निगम द्वारा जल संयंत्रों की सफाई कराई जा रही है। महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर मोहारा जल संयंत्रगृह के सीएफएल और सम्पवेल की सफाई की जा रही है।
2 फरवरी की शाम 27 और 10 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। 3 फरवरी की सुबह से पेयजल आपूर्ति सामान्य होगी। लखोली, मोहड़, कन्हारपुरी, कंचनबाग, संजय नगर, इंदिरा नगर, शिवनाथ कॉलोनी सहित कई क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।


अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 35 लीटर महुआ शराब जब्त

राजनांदगांव।
कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बरनालाकला क्षेत्र में जंगल के पास से 35 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब और 1300 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया है।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। जिले में होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों की नियमित जांच जारी है।