September 4, 2026

राजनांदगांव में जल्द पहुंचेगी पाइप्ड गैस, दो साल में 2 हजार घरों को PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य

राजनांदगांव। महानगरों की तर्ज पर अब राजनांदगांव शहर में भी घरों तक पाइपलाइन के जरिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है। अडानी टोटल गैस की ओर से शहर में गैस वितरण नेटवर्क विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। ठेलकाडीह में गैस पाइपलाइन स्टेशन का निर्माण जारी है, जबकि टेडेसरा तक पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।

घर-घर पहुंचेगी पाइप्ड नेचुरल गैस

राजनांदगांव जिले में घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं तक PNG पहुंचाने के लिए सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड से कंपनी को गैस वितरण नेटवर्क विकसित करने की अनुमति मिली है।

परियोजना के तहत भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के साथ घरेलू कनेक्शन और वाहनों के लिए गैस नेटवर्क तैयार किया जाएगा। पहले दो वर्षों में शहर में 2 हजार PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। पहले साल 400 और दूसरे साल 1600 कनेक्शन देने का प्रावधान है। पाइपलाइन कनेक्शन के लिए करीब 6 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

इन इलाकों में पहले चरण में मिलेगा कनेक्शन

पहले चरण में दिग्विजय स्टेडियम से भदौरिया चौक, बसंतपुर, गोकुलनगर और आरके नगर क्षेत्र में PNG कनेक्शन देने की योजना है। इसके अलावा सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और आंगनबाड़ी केंद्रों जैसे संस्थानों को भी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, करीब आठ वर्षों में राजनांदगांव शहर में 100 प्रतिशत गैस कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार की योजना है।

हाईवे पर बनेंगे CNG सेंटर

PNG नेटवर्क के साथ वाहनों के लिए भी गैस सुविधा विकसित की जा रही है। हाईवे पर दो सेंटर बनाए जा रहे हैं। इनमें एक काकरिया फ्यूल्स और दूसरा चिचोला में प्रस्तावित है।

मीटर से होगी गैस की खपत की गणना

PNG कनेक्शन मिलने के बाद घरों में गैस की खपत मापने के लिए मीटर लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं को जितनी गैस की खपत होगी, उसी के अनुसार बिल का भुगतान करना होगा।

अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन नेटवर्क तैयार होने के बाद शहरवासियों को बार-बार LPG सिलेंडर मंगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आने वाले दो वर्षों में शहर के उपभोक्ताओं को PNG की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

राजनांदगांव में PNG नेटवर्क का विस्तार चरणबद्ग्रामीण इलाकों तक पाइपलाइन विस्तार की योजना