राजनांदगांव। जिले के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां बाद में बेहोशी की हालत में मिली।
सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को संदिग्ध इसलिए माना जा रहा है क्योंकि युवती के साथ रिसॉर्ट में आए अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल रिसॉर्ट कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ मौजूद लोग रिसॉर्ट छोड़कर क्यों चले गए।
एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।





