September 4, 2026

CG Road Accident: राजनांदगांव में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में 4 लोगों की मौत

राजनांदगांव। जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बाइक सवार 3 लोगों में 2 की मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। स्कॉर्पियो से हुई जोरदार टक्कर के बाद दो बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम

वहीं, स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे। हादसे में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।