July 23, 2026

चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला यात्री, राजनांदगांव RPF जवान की सूझबूझ से बची जान

राजनांदगांव। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान ने चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसले एक यात्री की जान बचा ली।

रेलवे सुरक्षा बल के मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सराहनीय कार्रवाई 8 जुलाई को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर हुई।

चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, यात्री चलती ट्रेन में दोबारा चढ़ने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिरने लगा। प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

झारसुगुड़ा जा रहा था यात्री

पूछताछ में यात्री ने अपना नाम बृजेश सकुनिया (52 वर्ष), निवासी हनुमान मंदिर पारा, झारसुगुड़ा बताया। उन्होंने बताया कि वे गोंदिया जंक्शन से झारसुगुड़ा की यात्रा कर रहे थे। राजनांदगांव स्टेशन पर उतरने के बाद ट्रेन चलने लगी, जिसके बाद दोबारा चढ़ने के प्रयास में यह हादसा हुआ।

आरपीएफ की अपील

यात्री ने अपनी जान बचाने के लिए आरपीएफ का आभार जताया। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। किसी भी सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया जा सकता है।