September 4, 2026

Raksha Bandhan Special: डाक विभाग ने लॉन्च किया ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’, ₹520 में मिलेंगी ये खास चीजें

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते को खास बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने विशेष पहल की है। विभाग ने इस साल आकर्षक और प्रीमियम ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’ लॉन्च किया है। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ संदेश के साथ तैयार यह गिफ्ट बॉक्स नजदीकी डाकघरों में उपलब्ध है।

इस विशेष गिफ्ट बॉक्स की कीमत ₹520 निर्धारित की गई है। इसमें रक्षाबंधन से जुड़ी पारंपरिक सामग्री के साथ कई उपयोगी और यादगार वस्तुएं शामिल की गई हैं।

बॉक्स में मिलेंगी ये चीजें

राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स में कुल कई आकर्षक सामग्री शामिल हैं, जिनमें:

  • 2 स्पेशल राखियां
  • 2 आकर्षक बैज
  • अक्षत और कुमकुम
  • 1 फ्रिज मैग्नेट स्टीकर
  • 3 पिक्चर पोस्टकार्ड
  • 1 की-रिंग

दूर रहने वाले भाई-बहनों के लिए खास

डाक विभाग की यह पहल उन भाई-बहनों के लिए खास उपयोगी है, जो रक्षाबंधन पर एक-दूसरे से दूर रहते हैं। गिफ्ट बॉक्स में त्योहार से जुड़ी जरूरी सामग्री एक ही पैकेज में उपलब्ध कराई गई है।

नागरिक अपने नजदीकी डाकघर से ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’ खरीद सकते हैं। इसके साथ भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट सेवा के जरिए राखी और उपहार अपने भाई-बहनों तक भेजे जा सकते हैं।

भाई-बहन के रिश्ते को डाक सेवा से जोड़ने की पहल

छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल की इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन की परंपरा और भाई-बहन के भावनात्मक रिश्ते को डाक सेवा के माध्यम से और मजबूत करना है।