July 23, 2026

राम मंदिर चंदा चोरी पर गरमाई सियासत, कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन; दीपक बैज का भाजपा पर तीखा हमला

रायपुर। राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताया। वहीं, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पूरे मामले में जवाब मांगा।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा नेता खुद को “चौकीदार” बताते हैं, लेकिन यदि वे चौकीदार हैं तो चोरी कैसे हो गई? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है, जिससे संदेह और गहरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करती रहेगी।

भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर दीपक बैज को “अपराधियों का अध्यक्ष” बताए जाने वाले पोस्ट पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस का पिछला कार्यकाल संघर्ष और जनहित के कार्यों के लिए जाना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को विपक्ष पर आरोप लगाने से पहले अपने नेताओं से जुड़े मामलों पर जवाब देना चाहिए।

बैज ने कोरिया में भाजपा नेता की हत्या के मामले, दुर्ग में अफीम की खेती और तिल्दा में दुष्कर्म जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मामलों का जवाब चाहती है और कांग्रेस हर मंच पर इन मुद्दों को उठाती रहेगी।