May 19, 2026

नक्सलवाद से मुक्ति पर रमन सिंह का अमित शाह को पत्र, जताया आभार

रायपुर। डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नक्सलवाद से मुक्ति पर आभार जताया है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, जिसने नई आशा और नई सुबह का संदेश दिया है।

पत्र में उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि दशकों से नक्सलवाद से प्रभावित भारत भूमि अब इस अलोकतांत्रिक विचारधारा से मुक्त हो रही है।

उन्होंने लिखा कि माओ और लेनिन की विचारधारा से प्रेरित नक्सलवाद ने नक्सलबाड़ी से लेकर बस्तर तक हजारों लोगों को प्रभावित किया और विकास को बाधित किया। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिला, जहां आदिवासी समाज मुख्यधारा से दूर हो गया।

डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने नक्सलवाद को राष्ट्रीय समस्या माना था, लेकिन समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने सलवा जुडूम आंदोलन और महेंद्र कर्मा के प्रयासों को भी याद किया।

उन्होंने आगे लिखा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद नक्सलवाद के समूल नाश की दिशा में ठोस रणनीति पर काम शुरू हुआ और 2019 में अमित शाह के गृहमंत्री बनने के बाद यह अभियान और तेज हुआ।

रमन सिंह ने 5 अगस्त 2019 को कश्मीर से धारा 370 हटाने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि इससे उनका विश्वास और मजबूत हुआ कि नक्सलवाद जैसी समस्या का समाधान भी संभव है।

पत्र में उन्होंने अमित शाह की तुलना सरदार वल्लभभाई पटेल से करते हुए उन्हें देश का सबसे मजबूत गृहमंत्री बताया।

अंत में उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब विकास का नया दौर शुरू होगा, जिससे आदिवासी समाज को रोजगार, शिक्षा और बेहतर जीवन के अवसर मिलेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री का आभार व्यक्त किया।