March 3, 2026

जिला जेल रामानुजगंज में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

रामानुजगंज। रामानुजगंज जिला जेल में हत्या के आरोप में बंद 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया (42 वर्ष) निवासी ग्राम सीतारामपुर पाट, थाना पस्ता के रूप में हुई है। वह 15 नवंबर 2023 के हत्या प्रकरण में आरोपी था और न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम विष्णु कुमरिया ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की थी। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक इलाज के बाद उसे वापस जिला जेल लाया गया।

शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। गंभीर स्थिति देखते हुए उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 10:30 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों के बयान

अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि परीक्षण के बाद 10:30 बजे मृत्यु की पुष्टि की गई।

जिला जेल के जेलर वाल्मीकि ध्रुव के अनुसार, कैदी को पेट दर्द और दस्त की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

घटना की सूचना मृतक के परिजनों और उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।

प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।