May 19, 2026

रामविचार नेताम का कांग्रेस पर हमला, बोले—बजरंगबली की गदा चल रही, पतन तय

छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है और उसका असर साफ दिखाई दे रहा है। हनुमान जयंती के अवसर पर राम मंदिर पहुंचे नेताम ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।

कांग्रेस पर साधा निशाना

नेताम ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के आतिथ्य को स्वीकार नहीं किया, उसी दिन से उसका पतन तय हो गया था। उन्होंने दावा किया कि बजरंगबली की गदा कांग्रेस पर पड़ चुकी है और उसकी विचारधारा खत्म होने की ओर है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे आत्ममंथन करें और भाजपा में शामिल हो जाएं।

देश-प्रदेश के लिए की प्रार्थना

कृषि मंत्री ने भगवान से देश और प्रदेश से अत्याचार समाप्त करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो रही है।

उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के खात्मे की शुरुआत हो चुकी है और देश में राम राज्य स्थापित करने का संकल्प पूरा किया जा रहा है।

कांग्रेस संगठन पर तंज

नेताम ने कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए जिला अध्यक्षों के काम की मॉनिटरिंग की जा रही है।

खाद संकट के दावे को बताया गलत

कांग्रेस द्वारा खाद संकट के आरोपों को खारिज करते हुए नेताम ने कहा कि देश में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलियों को कांग्रेस का समर्थन मिलता रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार सख्ती करेगी ताकि कोई खाद का अवैध भंडारण न कर सके।

नक्सल पैकेज पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस की ओर से नक्सलमुक्त गांवों के लिए विशेष पैकेज की मांग पर नेताम ने कहा कि सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी और जनता को चिंता करने की जरूरत नहीं है।