रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने बड़ा बयान दिया है। विपक्ष द्वारा नए कानून के लागू नहीं होने और पुराने कानून के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई शिकायत सामने आती है तो प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर उसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर सरकार गंभीर है और इसे जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कानून के क्रियान्वयन को लेकर कोई समस्या या शिकायत है तो प्रशासन उस पर प्रमुखता से ध्यान देगा।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि कांग्रेस अब धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर चिंतित दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि विधेयक बहुत जल्द लागू होगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ऐसे लोग, जो पहले कभी राम मंदिर का नाम नहीं लेते थे, अब मंदिर जाने लगे हैं। उनके अनुसार समय के साथ लोगों का नजरिया बदला है और उनके बयानों में भी यह बदलाव दिखाई दे रहा है।





