जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 को 28 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि फरवरी 2021 में एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी सुरेंद्र सिंह ठाकुर (31 वर्ष) से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। 23 मार्च 2021 को आरोपी ने युवती को पत्थलगांव बुलाया और स्कॉर्पियो में घुमाने के बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
लंबे समय तक करता रहा शोषण
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। 26 फरवरी को भी उसने दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया और दूसरी जगह सगाई कर ली।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





