सोशल मीडिया पोस्ट बना सबूत, आरोपी गिरफ्तार
बीजापुर। जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने दुर्लभ प्रजाति मालाबार जायंट स्क्विरल के शिकार के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद ही शिकार का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था, जो उसके खिलाफ अहम सबूत बन गया।
राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने वायरल वीडियो को ट्रैक कर आरोपी की पहचान की और बीजापुर के तोड़मा क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
अनुसूची-1 में शामिल है दुर्लभ प्रजाति
Malabar Giant Squirrel वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-1 में शामिल प्रजाति है। इस श्रेणी में आने वाले जीवों का शिकार करना गंभीर अपराध माना जाता है और इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
वीडियो में कई गिलहरियों का शिकार आया सामने
वन विभाग के अनुसार आरोपी द्वारा अपलोड किए गए वीडियो में करीब 9 दुर्लभ गिलहरियां दिखाई दे रही हैं, जिनका शिकार किया गया था। यह मामला सामने आने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





