रायपुर, 11 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में दुर्लभ मालाबार पाइड हॉर्नबिल पक्षियों के संरक्षण के लिए विशेष प्राकृतिक उद्यान विकसित किए जा रहे हैं। इसे “हॉर्नबिल रेस्टोरेंट” के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें जंगल और आसपास के क्षेत्रों में फलदार वृक्षों का प्राकृतिक समूह लगाया जाएगा।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) श्री अरुण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह पहल हॉर्नबिल प्रजातियों को पूरे वर्ष प्राकृतिक भोजन उपलब्ध कराने, उनके सुरक्षित आवास को बढ़ावा देने और जंगल के जैव विविधता संरक्षण में योगदान देने के उद्देश्य से की जा रही है।
इस प्राकृतिक उद्यान में पीपल, बरगद और फाइकस जैसी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जो हॉर्नबिल का मुख्य आहार हैं। दुर्लभ पक्षियों की सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष ट्रैकिंग टीमें गठित की गई हैं, जिसमें वन्यजीव विशेषज्ञ और स्थानीय प्रशिक्षित युवा शामिल हैं। ड्रोन तकनीक का उपयोग शिकार गतिविधियों और वनाग्नि पर नजर रखने के लिए किया जा रहा है।
हॉर्नबिल, जिन्हें “फॉरेस्ट इंजीनियर” कहा जाता है, जंगल के प्राकृतिक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उदंती-सीतानदी की अनुकूल जलवायु और हरियाली के कारण अब ये पक्षी यहां अधिक संख्या में दिखाई देने लगे हैं। यह पहल न केवल जैव विविधता संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित दूरी से इन दुर्लभ पक्षियों को देखने का अवसर भी देगी।





