July 29, 2026

मरवाही के जंगल में दिखा दुर्लभ सफेद भालू, हमले के बाद इलाके में दहशत

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल के जंगलों में इन दिनों एक दुर्लभ एल्बिनो यानी सफेद भालू चर्चा का विषय बना हुआ है। काले भालुओं के बीच दिखाई दिए इस सफेद भालू को देखकर ग्रामीण जहां हैरान हैं, वहीं उसके हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। वन विभाग भी ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है।

जानकारी के अनुसार, मरवाही वनमंडल के आमादांड गांव के जंगलों में यह दुर्लभ सफेद भालू देखा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सफेद भालू अन्य काले भालुओं के साथ जंगल में घूमता नजर आया। इस अनोखे वन्यजीव को देखने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई।

इसी बीच सफेद भालू ने स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में लल्लू के हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, यह कोई अलग प्रजाति नहीं है। भालू के शरीर में जीन परिवर्तन या रंग संबंधी दोष के कारण उसका रंग काला होने के बजाय सफेद हो जाता है। इस स्थिति को विज्ञान की भाषा में एल्बिनो कहा जाता है।

घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि जंगल की ओर अकेले न जाएं और भालू दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।