भानुप्रतापपुर। बस्तर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने भानुप्रतापपुर पहुंचकर रेलवे परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रावघाट तक रेल संचालन जल्द शुरू होगा। इसके बाद जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पत्रकारों से चर्चा करते हुए तरुण प्रकाश ने कहा कि रावघाट रेल परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। केवल कुछ शेष कार्य बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रावघाट तक नियमित रेल संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
रावघाट के बाद जगदलपुर तक बढ़ेगी रेल लाइन
महाप्रबंधक ने बताया कि रावघाट के बाद जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके लिए रेल मंत्रालय गंभीरता से कार्य कर रहा है और परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है।
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
यात्री सुविधाओं को लेकर भी रेलवे ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। क्षेत्र में ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जा चुके हैं, जबकि दो अन्य ट्रेनों में भी जल्द अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।





