March 3, 2026

राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी तेज, पीईटी परीक्षा 14 मई को; होली पर राजधानी में कड़ी सुरक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 5 मार्च को प्रदेश की दो सीटों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन जारी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा अंतिम चरण में है और आलाकमान की मंजूरी मिलते ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।


संस्कृति विभाग ने छात्रवृत्ति के लिए मंगाए आवेदन

रायपुर। संस्कृति विभाग ने गरीब एवं होनहार युवा कलाकारों व विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 20 मार्च तक निर्धारित प्रारूप में पूर्ण दस्तावेजों सहित पंजीकृत डाक से आवेदन भेज सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों को 5,000 से 10,000 रुपए तक मासिक छात्रवृत्ति डीबीटी ई-पेमेंट के माध्यम से सीधे खाते में प्रदान की जाएगी।


विशेष फोटो प्रदर्शनी का आज अंतिम दिन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित दो दिवसीय विशेष फोटो प्रदर्शनी ‘छत्तीसगढ़ की विभूतियां: पद्म पुरस्कार प्राप्त महान व्यक्तित्वों की प्रेरक यात्रा’ का आज 3 मार्च को अंतिम दिन है। प्रदर्शनी महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित कला वीथिका में लगाई गई है। इसे दोपहर 12 बजे से रात 7 बजे तक देखा जा सकता है।


बीई-बीटेक प्रवेश परीक्षा 14 मई को

रायपुर। बीई, बीटेक (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी टेक्नोलॉजी) एवं डिप्लोमा इन डेयरी टेक्नोलॉजी (पीईटी) में प्रवेश के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा 14 मई को परीक्षा आयोजित की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 27 मार्च शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। त्रुटि सुधार 28 से 30 मार्च तक किया जा सकेगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित होगी।


महिला आयोग का ‘महा जनसुनवाई सप्ताह’

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर 8 से 13 मार्च तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में “महा जनसुनवाई सप्ताह” आयोजित किया जाएगा। आयोग का उद्देश्य महिलाओं से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।


नवा रायपुर में 27-28 मार्च को प्रवासी सम्मेलन

रायपुर। ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश में रह रहे छत्तीसगढ़वासियों को आमंत्रित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रवासियों को सम्मानित किया जाएगा और निवेश को बढ़ावा देने के लिए एमओयू भी किए जाएंगे।


होली पर राजधानी में कड़ी सुरक्षा

रायपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। शहर में 100 से अधिक चेक प्वाइंट बनाए जा रहे हैं और 3000 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।