May 13, 2026

खैरागढ़ में पेयजल संकट गहराया, टैक्स वसूली के बावजूद वार्डवासियों को नहीं मिल रहा पानी

खैरागढ़। जिला मुख्यालय का वार्ड क्रमांक 1 पिपरिया इन दिनों गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है। नगर पालिका द्वारा वर्षों पहले नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाकर घरों में कनेक्शन तो दे दिए गए, लेकिन आज तक लोगों को नलों से पानी नहीं मिल पाया है। इसके बावजूद नियमित रूप से पानी टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे वार्डवासियों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दिन पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ी समस्या बन गई है। कोई निजी टैंकर मंगवा रहा है तो कोई दूर के बोरिंग से पानी ढोने को मजबूर है। वार्ड निवासी शबाना बेगम ने बताया कि पिछले सात-आठ वर्षों से उनका परिवार अपने खर्च पर टैंकर से पानी मंगवा रहा है। कई बार नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला।

प्रेमलता वर्मा ने बताया कि लोगों को दूसरे मोहल्लों से पानी मांगकर काम चलाना पड़ रहा है। वहीं शेख इस्माइल ने कहा कि पिछले सात वर्षों में वे पानी खरीदने पर करीब 1.70 लाख रुपए खर्च कर चुके हैं। उनका आरोप है कि सुविधा नहीं मिलने के बावजूद टैक्स समय पर वसूला जा रहा है।

वार्ड की केवड़ा मारकंडे ने बताया कि पानी लाने के लिए उन्हें छोटे बच्चों को घर में छोड़कर बाहर जाना पड़ता है। उनका कहना है कि यह समस्या पिछले 15-16 वर्षों से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई।

वार्डवासियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पाइपलाइन बिछ चुकी है और टैक्स वसूला जा रहा है, तो पानी सप्लाई आखिर क्यों शुरू नहीं हो रही। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे।