July 23, 2026

Bilaspur News Update: सड़क हादसे के आरोपी ट्रेलर चालक गिरफ्तार, हत्या के दो आरोपी दबोचे, चाकूबाजी और चक्काजाम पर कार्रवाई

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। रतनपुर ओवरब्रिज के पास महिला सुपरवाइजर की मौत के मामले में ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अकलतरी हत्याकांड के दो आरोपियों को भी पुलिस ने दबोच लिया है। दूसरी ओर सिरगिट्टी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, एनएच-49 पर चक्काजाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

महिला सुपरवाइजर की मौत के मामले में ट्रेलर चालक गिरफ्तार

बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर ओवरब्रिज के पास 18 जुलाई को हुए सड़क हादसे में पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक शिवकुमार साव (निवासी गढ़वा, झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के दौरान डिवाइडर पर पौधारोपण कार्य कर रही महिला सुपरवाइजर महिमा कोशले को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी और करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत कारित करने का मामला दर्ज किया है।

इंद्रप्रकाश हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी में इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सुधीर सोनवानी और आनिश सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहल्ले में नशे की हालत में गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावर दीवार फांदकर मृतक के घर पहुंचे और छत की दीवार से ईंट निकालकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो पक्षों में चाकूबाजी, तीन लोग गंभीर घायल

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के चुचुहियापारा रेलवे अंडरब्रिज के पास देर रात दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एनएच-49 पर चक्काजाम करने वालों पर एफआईआर

धूमा क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य ग्रामीणों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिससे एंबुलेंस सहित सैकड़ों वाहन प्रभावित हुए। पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद प्रदर्शन समाप्त नहीं होने पर आवागमन बाधित करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।