July 30, 2026

‘दिव्य दृष्टि-बियॉन्ड द ब्लर’ अभियान शुरू, 115 जरूरतमंदों को मिलेगी मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी

Raipur:
सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो दिवास (सत्र 2025-26) ने ‘दिव्य दृष्टि- बियॉन्ड द ब्लर’ (Divya Drishti-Beyond the Blur) अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत 115 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान का शुभारंभ न्यू शांति नगर स्थित Baba Garibdas Eye Hospital में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं की उपस्थिति रही।

इस पहल का नेतृत्व चेयरपर्सन रुचि मित्तल, प्रेसिडेंट अंकिता फरमानिया और सेक्रेटरी अस्मित मक्कड़ ने किया। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे फिर से स्पष्ट दृष्टि के साथ सामान्य जीवन जी सकें।

इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने में Adhiraj Cements और Concrete TMT and Structures का विशेष सहयोग रहा है।

क्लब के पदाधिकारियों के अनुसार ‘दिव्य दृष्टि’ अभियान केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग के लोगों के जीवन में नई रोशनी, आत्मविश्वास और उम्मीद का संचार करना भी है। निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी के माध्यम से कई मरीजों को दृष्टि संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और उनके जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव आएगा।