May 15, 2026

छिंदनार में सचिन तेंदुलकर का दौरा, बस्तर में खेल क्रांति की शुरुआत: सीएम साय

रायपुर। भारत रत्न और क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर के बस्तर दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र छिंदनार ग्राम में सचिन तेंदुलकर का आगमन बदलते हुए बस्तर की सशक्त पहचान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह दौरा उस नए बस्तर की तस्वीर प्रस्तुत करता है, जो अब भय और असुरक्षा की छाया से निकलकर विकास, अवसर और आत्मविश्वास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहलें बस्तर के युवाओं को नई दिशा देंगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि सचिन तेंदुलकर द्वारा बच्चों के बीच जाकर समय बिताना, उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करना और आत्मविश्वास बढ़ाना इस अभियान को और प्रभावशाली बनाता है। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मैदान कप अभियान’, जो सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और मानदेशी फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है, खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। विशेषकर जनजातीय अंचलों में बच्चों को खेल मैदान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

छिंदनार में सचिन ने किया मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन

दंतेवाड़ा जिले के स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम हाई स्कूल छिंदनार में बुधवार को सचिन तेंदुलकर ने मानदेशी फाउंडेशन के साथ मिलकर बनाए गए मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मानदेशी फाउंडेशन की संस्थापक चेतना सिन्हा भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में सचिन के साथ उनकी बेटी सारा, पुत्र अर्जुन और अन्य परिजन भी शामिल हुए। बच्चों ने रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसी खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें सचिन भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल खेल और उत्साह से भर गया।

50 गांवों में खेल मैदान विकसित करने की योजना

फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के 50 गांवों में इसी तरह के खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहां क्रिकेट के साथ-साथ फुटबॉल और कबड्डी जैसे खेलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि बस्तर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और सुविधाओं की है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन को सफलता की कुंजी बताया।

कलेक्टर और अधिकारियों की मौजूदगी

कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा के माध्यम से युवाओं को बेहतर अवसर दिए जा सकते हैं।

इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर, आईजी बस्तर, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सचिन तेंदुलकर के हाथों सम्मान और मोमेंटो भी प्रदान किए गए।