May 15, 2026

छिंदनार में सचिन तेंदुलकर का दौरा: बच्चों संग खेले, 100 खेल मैदान बनाने की बड़ी घोषणा

जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के इंद्रावती किनारे स्थित छिंदनार गांव में क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर का आगमन चर्चा का विषय बना रहा। अपने परिवार के साथ पहुंचे सचिन ने यहां बच्चों के साथ समय बिताया और खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मैदान “सचिन… सचिन…” के नारों से गूंज उठा, वहीं बच्चों में उनके प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर के साथ उनकी बेटी सारा तेंदुलकर, परिवार के अन्य सदस्य और मानदेशी फाउंडेशन की संस्थापक चेतना सिन्हा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत खेल भावना के साथ हुई, जिसमें सचिन ने बच्चों के साथ रस्साकशी खेली। इस मुकाबले में सारा की टीम ने जीत दर्ज की, जिसके बाद मैदान में उत्साह का माहौल और बढ़ गया।

इसके बाद सचिन तेंदुलकर बच्चों के साथ वॉलीबॉल खेलते नजर आए और पूरे जोश के साथ खेल का आनंद लिया। उन्होंने मैदान का निरीक्षण भी किया और उन लोगों को सम्मानित किया, जिन्होंने इस खेल परिसर के निर्माण में योगदान दिया है।

दंतेवाड़ा जिले में अब तक 25 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 25 और मैदानों पर काम जारी है। इस अवसर पर सचिन तेंदुलकर ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यह अभियान केवल 50 मैदानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे 100 से अधिक खेल मैदानों तक विस्तारित किया जाएगा।

सचिन ने कहा कि बस्तर के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिन्हें सही दिशा और संसाधनों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि मानदेशी फाउंडेशन और सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन मिलकर न सिर्फ खेल मैदान तैयार करेंगे, बल्कि प्रशिक्षित कोच और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएंगे, ताकि बच्चे खेलों में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उनका बचपन भी मैदान से ही शुरू हुआ था और वही अनुभव उन्हें आज तक प्रेरित करता है। सचिन ने बच्चों को संदेश दिया कि खेल के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनना सबसे महत्वपूर्ण है।

सचिन ने कहा कि अब बस्तर को बंदूक नहीं, बल्कि बल्ले और खेल के मैदानों से पहचाना जाएगा। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।