RAIPUR NEWS UPDATE: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग द्वारा सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के उद्देश्य से 3 जुलाई को राजधानी रायपुर में ‘सहकार संकल्प दौड़’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ “सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर” थीम पर आधारित होगी।
कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) में किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से नागरिक, युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य सहित विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रहेगी।
दौड़ में पुरुष और महिला वर्ग के प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वालों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजन के जरिए नागरिकों को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सहकारिता के महत्व का संदेश भी दिया जाएगा।
सहकारिता विभाग के अनुसार, यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि जनजागरण अभियान है। इसके माध्यम से समाज में सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा सामूहिक विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
विभाग ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर “सहकारिता से समृद्धि”, “साथ चलें, साथ बढ़ें” और “स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प को सफल बनाने की अपील की है।





