July 23, 2026

साय कैबिनेट की बैठक शुरू, मानसून सत्र और नई ट्रांसफर पॉलिसी पर हो सकती है चर्चा

Raipur News Update : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राज्यहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है, जिन पर सरकार बड़े फैसले ले सकती है।

सूत्रों के अनुसार कैबिनेट बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों, खरीफ सीजन के लिए कृषि व्यवस्थाओं और राज्य की नई ट्रांसफर पॉलिसी पर विचार-विमर्श किया जा सकता है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के लंबित प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है।

बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसमें राज्य की विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

पिछली बैठक में हुए थे कई बड़े फैसले

गौरतलब है कि 9 जून को आयोजित पिछली साय कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इनमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के आईपीओ को सैद्धांतिक मंजूरी, धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये सहायता, राशन कार्डधारियों को चना वितरण जारी रखने और योग को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन लाने का फैसला शामिल था।

इसके अलावा रायपुर समेत चार शहरों में 240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का मार्ग प्रशस्त करने, नवा रायपुर में भूमि खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी छूट की अवधि बढ़ाने तथा खनिज परिवहन में आरएफआईडी और वाहन ट्रैकिंग सिस्टम को अनिवार्य बनाने जैसे अहम निर्णय भी लिए गए थे।

अब कैबिनेट की मौजूदा बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।