दुर्ग। दुर्ग जिले में भिलाई सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के गार्ड के साथ मारपीट की और कटर मशीन से सभी ताले काटकर साईं बाबा का करीब 2 किलो वजनी चांदी का छत्र, अन्य पूजन सामग्री और नगदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सुबह करीब 5 बजे मंदिर के पुजारी के आरती के लिए आने पर मिली। उन्होंने मुख्य द्वार और अन्य ताले टूटे हुए देखे और तुरंत मंदिर ट्रस्ट को सूचना दी। ट्रस्टियों ने भिलाई कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया।
पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सघन जांच-पड़ताल शुरू की। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार आरोपी ताले काटते हुए दिखाई दे रहे हैं। घायल गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है और आसपास की बस्तियों में पूछताछ की जा रही है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं सेक्टर-6 जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में चोरी होने से पुलिस की पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं।





