सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदोरा गांव से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने ईंट और पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर निर्ममता से हत्या कर दी।
मृतक की पहचान राहुल गबेल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने युवक के सिर पर कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को जिस बेरहमी से अंजाम दिया गया, उससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मालखरौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
वहीं एडिशनल एसपी और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।





