July 31, 2026

सक्ती में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो नकाबपोश आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना जोंगरा गांव की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हर्बल लाइफ उत्पादों का व्यवसाय करती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक से पहुंचे और पूर्णिमा चौहान पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।